विश्व जनसंख्या दिवस पर जन शिक्षण संस्थान, लखनऊ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
लखनऊ के कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र, बेबीज वर्ल्ड प्ले ग्रुप स्कूल, सलेहनगर, बंगला बाजार में जनसंख्या जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

अवधेश सिंह की रिपोर्ट
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जन शिक्षण संस्थान, लखनऊ के कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र, बेबीज वर्ल्ड प्ले ग्रुप स्कूल, सलेहनगर, बंगला बाजार में जनसंख्या जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न चुनौतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा परिवार नियोजन, महिला शिक्षा एवं जनसंख्या संतुलन के महत्व को रेखांकित करना था। कार्यक्रम में जन शिक्षण संस्थान, लखनऊ के प्रोग्राम ऑफिसर श्री तपन साहू, फील्ड असिस्टेंट कम क्लर्क श्री राघवेंद्र गुप्ता तथा प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षिका एवं समाजसेवी सुश्री अर्चना शर्मा उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ताओं के रूप में डॉ. ज्योति बाजपेयी, श्री नीरज शुक्ला (जिला अध्यक्ष, लखनऊ, राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा – R.A.M.), श्री रतन शर्मा (जिला युवा मोर्चा) तथा श्री अरविंद (जिला उपाध्यक्ष) ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या का प्रभाव सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय क्षेत्रों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन को अपनाकर, महिलाओं को शिक्षा एवं सशक्तिकरण से जोड़कर तथा जनसंख्या संतुलन के प्रति जागरूक रहकर एक स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है। साथ ही युवाओं से जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज में जनसंख्या संबंधी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों ने जनसंख्या नियंत्रण, छोटे परिवार के महत्व तथा परिवार नियोजन संबंधी जागरूकता को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षिका एवं समाजसेवी सुश्री अर्चना शर्मा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया ।




