इको गार्डन में छात्रों का विशाल प्रदर्शन, भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद पहुंचे,
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई तथा युवाओं को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की,

अतुल तिवारी की रिपोर्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में शनिवार को शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और रोजगार जैसे अहम मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र और युवा प्रदर्शन के लिए जुटे। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और विभिन्न छात्र संगठनों ने युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए नगीना से सांसद एवं भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद भी इको गार्डन पहुंचे। उनके पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई तथा युवाओं को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। उधर, प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इको गार्डन और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कानून-व्यवस्था कायम रहे। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्तियों में देरी और रोजगार के सीमित अवसरों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से इन समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान करने की मांग की। फिलहाल इको गार्डन में प्रदर्शन जारी है और बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है ।




