रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिवस पर भाजपा नेता राजीव मिश्रा ने किया पौधरोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सतीश शर्मा एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव मिश्रा ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया

अतुल तिवारी की रिपोर्ट
लखनऊ। देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर शनिवार को सीएमएस, राजाजीपुरम में वन महोत्सव एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना था।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सतीश शर्मा एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव मिश्रा ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद शिवपाल सांवरिया, सीएमएस की प्रबंधक गीता गांधी किंगडन, प्रधानाचार्या निशा पाण्डेय सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने वृक्षारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह ने भाजपा नेता राजीव मिश्रा के पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे लंबे समय से विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों और युवाओं को पौधों के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजीव मिश्रा के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने के साथ हुआ।