बुआ की बेटी के साथ युवक ने की आत्महत्या, शादी के लिए परिवार नहीं था राजी,
किराये के मकान युवक और युवती के शव सीलिंग फैन से अलग-अलग फंदों पर लटके मिले,

अतुल तिवारी की रिपोर्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित तेलीबाग की बलदेव विहार कॉलोनी में रविवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां किराये के मकान में एक युवक और युवती के शव सीलिंग फैन से अलग-अलग फंदों पर लटके मिले। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के रीवा गांव निवासी अनिकेत उर्फ रानू कुमार (21) तथा नोएडा की खोड़ा कॉलोनी निवासी अंजलि (18) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में बुआ की बेटी और बेटा थे। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब तीन वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार और रिश्तेदार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। जानकारी के मुताबिक, अनिकेत 23 जुलाई को घर से अहमदाबाद जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह नोएडा पहुंच गया, जहां से वह अंजलि के साथ चला गया। दोनों के घर से चले जाने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में दोनों अयोध्या में मिले। परिजन उन्हें एक रिश्तेदार के घर इटावा ले जा रहे थे, लेकिन कानपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन बदलने के दौरान दोनों वहां से निकल गए और लखनऊ पहुंच गए। बताया जा रहा है कि लखनऊ में अनिकेत का परिवार पिछले करीब छह वर्षों से रह रहा है। दोनों सीधे अनिकेत के किराये के मकान पहुंचे। रविवार सुबह जब परिजन घर लौटे तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। अंदर जाकर देखा तो दोनों के शव अलग-अलग फंदों से लटके हुए थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, अनिकेत परिवार का सबसे छोटा बेटा था। वह लखनऊ में प्लंबिंग (नल फिटिंग) का काम करता था और मेहनत कर परिवार का सहारा बन रहा था। उसके पिता रंगाई-पुताई का कार्य करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। एसीपी गोसाईंगंज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।



