आशियाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: BMW कार से 26 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद, BMW और स्कॉर्पियो सीज,

अवधेश सिंह की रिपोर्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में पुलिस की सघन वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई सामने आई है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक BMW कार से 26 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की है। नकदी के संबंध में मौके पर मौजूद लोग कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना देकर नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। साथ ही BMW और स्कॉर्पियो दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान सोशल प्वाइंट रेस्टोरेंट, स्मृति उपवन के पास एक BMW कार (HR-70G-9172) और एक स्कॉर्पियो (UP-32 QB-6630) खड़ी मिली। BMW कार पर काले शीशे लगे होने के कारण पुलिस को संदेह हुआ। मौके पर दोनों वाहनों के पास तीन युवक मौजूद थे। ई-चालान एप के माध्यम से जांच में BMW वाहन शिवांशु कुमार पाण्डेय तथा स्कॉर्पियो वाहन कृष्णा कुमार सिंह के नाम पंजीकृत पाए गए। पूछताछ में तीनों युवकों ने बताया कि वे वाहन में रखी नकदी की गिनती कर रहे थे, जिसे BMW कार की डिग्गी में बने लॉकर में रखा गया था। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद उनके निर्देश पर पुलिस ने विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए BMW कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान डिग्गी में बने विशेष लॉकर से ₹26,00,000 (500-500 रुपये के नोटों की 52 गड्डियां) बरामद हुईं।पुलिस ने मौके पर मौजूद तीनों व्यक्तियों से नकदी के स्रोत और उससे संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया धनराशि संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना देकर आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद नकदी का स्रोत क्या है तथा इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। आयकर विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।




