समिट बिल्डिंग में अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़,
119 से अधिक हिरासत में; 100 लैपटॉप और 178 मोबाइल बरामद,

बिलाल बेग ब्यूरो चीफ उत्तर प्रदेश
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोमती नगर के विभूति खंड स्थित समिट बिल्डिंग में संचालित एक कथित अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 11वीं मंजिल पर ‘सोलारिस सॉल्यूशन’ के नाम से संचालित कथित कॉल सेंटर से 119 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में 35 से अधिक महिलाएं भी शामिल हैं पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह प्रतिष्ठित ई-कॉमर्स कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को कॉल करता था। आरोपी कथित तौर पर रिफंड, डिस्काउंट कूपन, कैशबैक और आकर्षक ऑफर्स का लालच देकर लोगों से उनकी गोपनीय बैंकिंग और डिजिटल जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद साइबर ठगी के जरिए पीड़ितों के बैंक खातों से धन निकाल लिया जाता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से लगभग 100 लैपटॉप, 178 मोबाइल फोन, डिजिटल सर्वर और कई हार्ड डिस्क बरामद करने का दावा किया है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है ताकि गिरोह के नेटवर्क और लेनदेन की विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पूरे नेटवर्क का संचालन कथित रूप से विदेश में बैठे एक मास्टरमाइंड के निर्देश पर किया जा रहा था। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों, वित्तीय लेनदेन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच में जुटी है।फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।




