पीजीआई में पुलिस-बदमाश मुठभेड़
झपटमार अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

पीजीआई में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: झपटमार अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार……
पीजीआई।लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और एक शातिर झपटमार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, अवैध असलहा, बिना नंबर प्लेट की बाइक समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, भदुरुक निवासी प्रीती सिंह से रविवार देर रात बाइक सवार बदमाश ने मोबाइल फोन झपट लिया था। पीड़िता की तहरीर पर पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि झपटमारी की घटना में शामिल बदमाश वृंदावन योजना की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरौली पुलिया के पास घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश 22 वर्षीय अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर निवासी किला मोहम्मदीनगर, आशियाना के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से झपटा गया रीयलमी मोबाइल फोन, एक अन्य मोबाइल, बिना नंबर प्लेट की पल्सर 125 सीसी बाइक, एक देशी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और ₹1165 नकद बरामद हुए हैं।पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने ऐशो-आराम और शौक पूरे करने के लिए सुनसान स्थानों पर राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल व कीमती सामान झपटता था। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले से ही आलमबाग और आशियाना थानों में चोरी, सेंधमारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।।पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।


